उत्तरकाशी , मार्च 19 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र गंगोत्री धाम के कपाट आगामी 19 अप्रैल अक्षय तृतीया के दिन श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जायेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान के साथ कपाट खुलेंगे। गंगोत्री मंदिर समिति ने चैत्र नवरात्र के दौरान पंचांग के अनुसार तिथि और समय की औपचारिक घोषणा कर दी है।
समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल के अनुसार 18 अप्रैल को गंगा जी की भोगमूर्ति डोली शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव से पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सेना बैंड के साथ गंगोत्री के लिए रवाना होगी। डोली का रात्रि विश्राम भैरव घाटी भैरव मंदिर में होगा और अगले दिन सुबह गंगोत्री धाम पहुंचकर कपाट खुलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित