भीलवाड़ा , फरवरी 02 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र में कनेछनकलां गांव में घर में अकेली महिला की गला घोंटकर हत्या करके सोने-चांदी के गहने लूटने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बसंती (45) पत्नी मोहनलाल बैरवा रविवार रात गांव में आयोजित रात्रि जागरण में गयी थी और करीब एक बजे घर लौटी। इसके बाद बदमाश घर में घुस आये और अकेली होने का फायदा उठाकर उस पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने बसंती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और उसके पहने मांदलिया, रामनामी, झुमरियां, नथ और अन्य जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद शव तीन कंबलों से ढंककर आरोपी फरार हो गये। उसके बसंती का पति, बेटा, पुत्रवधु और सास भीलवाड़ा में मजदूरी करते हैं, जबकि बसंती गांव में घर की देखभाल के लिए रहती थी। परिजन जब घर आये, तो उन्हें बसंती का शव मिला। गले पर निशान पाये गये और जेवरात गायब थे। घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने मृतका के आश्रित को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे पोस्टमार्टम नहीं हो सका। सोमवार को थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह और तहसीलदार ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित