नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर के बेड़े में बुधवार को 33वां विमान शामिल हुआ।
एयरलाइन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नया बोइंग 737 मैक्स 8-200 विमान आज बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा हवाई अड्डे पर उतरा। इस साल कंपनी के बेड़े में शामिल होने वाला यह दूसरा विमान है।
अकासा लगातार अपने बेड़े और नेटवर्क का विस्तार कर रही है। उसने साल 2030 तक दुनिया की शीर्ष 30 विमान सेवा कंपनियों में शामिल होने का लक्ष्य रखा है।
साल 2022 में परिचालन की शुरुआत करने वाली एयरलाइंस ने बताया कि उसने कुल 226 बोइंग 737 मैक्स विमानों के ऑर्डर दिये हैं जिनमें 33 की डिलिवरी हो चुकी है और अन्य 193 की डिलिवरी अगले छह साल में होनी है।
अकासा एयर के इस विमान को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर लेकर आने वाले चालक दल के सदस्यों में दोनों महिला पायलट हैं। मुख्य पायलट स्वेतलाना पेरिएरा और को-पायलट करेन नोरोना इसे लेकर भारत आयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित