संगरूर , मार्च 25 -- शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने बुधवार को पंजाब की मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार को पानी के मुद्दे पर घेरते हुए कहा है कि राजस्थान से पानी की रॉयलटी मांगने वाली पंजाब सरकार इस मुद्दे पर राजनीति करने की बजाए वर्ष 2016 में अकाली दल की सरकार द्वारा पंजाब विधानसभा में पारित किए गए प्रस्ताव के आधार पर कार्रवाई करे।

श्री खन्ना निकटवर्ती गांव पंनवां तथा आसपास के गांवों में ग्रामीणों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि अकाली सरकार के समय में विधानसभा में प्रस्ताव पारित करके राजस्थान तथा हरियाणा से पानी की रॉयलटी की मांग की गई थी। पंजाब सरकार को इस मामले में पूरी जानकारी नहीं है। जिसके चलते वह पंजाब के लोगों को गुमराह कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी द्वारा पानी के मुद्दे पर की गई गलतियों को सुधारने का काम शिरोमणि अकाली दल की सरकार करेगी।

श्री खन्ना ने कहा कि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल द्वारा निकाली जा रही पंजाब बचाओ यात्रा वर्ष 2027 में अकाली दल की पंजाब में सरकार का आधार बनेगी। पंजाब बचाओ यात्रा के माध्यम से लोग खुलकर अकाली दल का समर्थन कर रहे हैं। यात्राओं में उमड़ रही भीड़ से साफ हो चुका है कि पंजाब में अब अगली सरकार अकाली दल की बनेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के साथ किया गया कोई भी वादा पूरा करने में बुरी तरह से फेल साबित हुई है। पंजाब के बाढ़ पीड़ित किसान आज भी मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार बनने के बाद पहल के आधार पर किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित