घनौर , जनवरी 16 -- शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में अकाली सरकार बनने पर घनौर को पंजाब का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा।

गांव लाछड़ू खुर्द में शिरोमणि कमेटी सदस्य जत्थेदार जसमेर सिंह लाछड़ू के निवास स्थान पर आयोजित एक कार्यक्रम में श्री बादल ने घनौर से सरबजीत सिंह झिंजर को उम्मीदवार बनाने को हरी झंडी दी। उन्होंने कहा, " हम लोगों के लिए विकास के द्वार खोलेंगे। मैं घनौर को केवल एक उम्मीदवार नहीं दे रहा, बल्कि 'सरबजीत सिंह झिंजर' के रूप में अपना छोटा भाई आपको सौंप रहा हूं।"उन्होंने कहा कि अकाली दल ने हमेशा घनौर सहित पूरे पंजाब के विकास के लिए ठोस और जमीनी स्तर पर काम किया है। उन्होंने कहा कि सड़कों, स्कूलों, स्वास्थ्य सुविधाओं, पानी की आपूर्ति और किसान-पक्षीय नीतियों के क्षेत्र में अकाली सरकारों की बड़ी उपलब्धियां रही हैं।

आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले जनता से किये गये वादे आज भी कागजों तक ही सीमित हैं। उन्होंने कहा, " न तो युवाओं को रोजगार मिला है और न ही किसानों और आम वर्ग को कोई बड़ी राहत मिली है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, नशे की समस्या और बढ़ती महंगाई मौजूदा सरकार की विफलता को साफ दर्शाती है।"श्री बादल ने पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाया कि 2027 में जनता के सहयोग से जब शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनेगी, तब किसान, गरीब और युवाओं के लिए नयी योजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरियां सुनिश्चित की जाएंगी और स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में बड़े और ठोस सुधार लाये जाएंगे। इसके साथ ही राज्य में फैले गैंगस्टर राज को पूरी तरह समाप्त कर कानून-व्यवस्था को फिर से मजबूत किया जाएगा।

मीडिया से बातचीत करते हुए यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा लोगों के दुख-सुख में साथ खड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले पूरे पंजाब में आई बाढ़ के दौरान श्री बादल द्वारा तुरंत राहत सामग्री, आर्थिक सहायता, डीज़ल, खाने-पीने का सामान और अन्य आवश्यक मदद मुहैया करवायी गयी थी, जो घनौर विधानसभा तक भी पहुंचायी गयी। इसके विपरीत मौजूदा सरकार उस समय केवल बयानों तक ही सीमित रही।

श्री झिंजर ने कहा कि दिल्ली के इशारे पर चलने वाली पार्टी ने पंजाब की राजनीति को गंभीर नुकसान पहुंचाया है, जिसका खामियाजा सीधे आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिरोमणि अकाली दल ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो पंजाब, पंजाबियत और राज्य के अधिकारों की सच्ची प्रतिनिधि है और आने वाले समय में पंजाब की जनता इस दिल्ली-नियंत्रित पार्टी को करारा जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित