चंडीगढ़ , अप्रैल 14 -- डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सेक्टर-37 स्थित डॉ. अंबेडकर स्टडी सर्कल में स्मारक संगोष्ठी आयोजित की गयी। कार्यक्रम में उनके जीवन, विचारों और सामाजिक न्याय में योगदान पर विस्तार से चर्चा की गयी।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में दमंदीप कौर संधू उपस्थित रहीं। उनके साथ सामाजिक कल्याण विभाग की सचिव अनुराधा चगती और सामाजिक कल्याण विभाग की निदेशक डॉ. पालीका अरोड़ा ने भी भाग लिया। वक्ताओं ने अंबेडकर के संविधान, समानता और अधिकारों से जुड़े विचारों को अपनाने पर जोर दिया।
सामाजिक कल्याण विभाग ने विभिन्न संस्थानों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए, जहां बच्चों और कर्मचारियों को संवैधानिक अधिकारों और समानता के सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया गया। इन गतिविधियों में स्नेहालय और ऑब्जर्वेशन होम्स के 192 बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति वर्ग के प्रतिनिधित्व, आरक्षण और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी विभागों में नियमों के अनुसार आरक्षण लागू किया जा रहा है और समुदाय के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम का समापन समावेशी और समान समाज के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित