नयी दिल्ली , अप्रैल 14 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ राजीव भवन स्थित प्रदेश कार्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी दलितों, वंचितों और पिछड़े वर्गों को समान प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।

उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया और उनका संघर्ष आज भी मार्गदर्शन देता है। कांग्रेस पार्टी जाति जनगणना की मांग इसलिए कर रही है, ताकि सभी वर्गों को विकास में उचित भागीदारी मिल सके।

इस कार्यक्रम में अनिल भारद्वाज, राजेंद्र पाल गौतम, किरण वालिया सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित