अंबिकापुर , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर शनिवार को एक ट्रक और दो कारों की आमने-सामने टक्कर में सात लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक रायगढ़ से अंबिकापुर की ओर आ रहा था, जबकि एक कार (क्रेटा) और इनोवा अंबिकापुर से रायगढ़ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान ओवरटेकिंग के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से तीनों वाहन आपस में टकरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसमें क्रेटा वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के समय क्रेटा में पांच और इनोवा में दो लोग सवार थे।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बहाल कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेकिंग को हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित