अंबिकापुर , मई 02 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रिंग बांध से जुड़ा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। नगर निगम द्वारा निस्तार की 57 डिसमिल जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान मौके पर शनिवार को जमकर विवाद की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम अमला उक्त जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए मिट्टी हटाने की कार्रवाई कर रहा है। इस दौरान कब्जाधारी ने निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि रिंग बांध की जमीन पर प्रशासन द्वारा स्टे लगाया गया है।
प्रशासन ने हालांकि इस दावे को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि संबंधित जमीन पर किसी भी प्रकार का कोई स्टे नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक कब्जाधारी द्वारा निस्तार की भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी डालकर कब्जा किया जा रहा था, जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम कर्मियों और कब्जाधारी के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति में निस्तार की जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित