अम्बिकापुर , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में अम्बिकापुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत पोडिपा में रेवापुर मोड़ से पोडिपा पहुंच मार्ग तथा पोडिपा नाला पर पुल निर्माण कार्य का शुक्रवार को भूमिपूजन किया गया। लगभग 5.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस दोहरी परियोजना का शुभारंभ लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने किया।

जिला जनसम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार,कार्यक्रम की शुरुआत में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने पारंपरिक पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन संपन्न कराया, जिससे इस विकास कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई।

इस अवसर पर श्री मिंज ने कहा कि रेवापुर मोड़ से पोडिपा तक सड़क निर्माण और नाले पर पुल बनने की मांग स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। पिछले कई वर्षों से ग्रामीणों को केवल आश्वासन मिल रहे थे, लेकिन अब यह मांग साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि पोडिपा गांव नाले के कारण दो भागों में बंटा हुआ था, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें होती थीं, विशेषकर बरसात के मौसम में। इस पुल के बन जाने से गांव के दोनों हिस्से आपस में जुड़ जाएंगे और ग्रामीणों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

विधायक ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि बेहतर सड़क एवं पुल निर्माण से न केवल परिवहन सुविधा बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय कृषि उपज एवं अन्य उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी आसानी होगी। इससे क्षेत्र का आर्थिक विकास प्रभावित होगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, मंडल अध्यक्ष राजू सिंह, सरपंच देवंती कुजूर, सोहन बड़ा, प्रिया पुष्प कुमार, तेरेसा केरकेट्टा, जनपद सदस्य करिश्मा केरकेट्टा, उप सरपंच बगदली, पूर्व सरपंच कृपा एक्का, परमेश्वर, बूथ अध्यक्ष प्रेमचंद सूर्यवंशी, मुकेश गिरी, सुरेंद्र विश्वकर्मा, उप सरपंच श्यामलाल तिग्गा, संजय सिंह, युवा मोर्चा मंत्री दारा सिंह, सत्यनारायण पन्ना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए विधायक एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित