अंबिकापुर , अप्रैल 26 -- ) छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के राम मंदिर क्षेत्र में बीते 23 अप्रैल को हुए अग्निकांड मामले में पुलिस ने पटाखा एवं प्लास्टिक कारोबारी मुकेश अग्रवाल और प्रवीण अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह प्राथमिकी घटना के लगभग 72 घंटे बाद पड़ोसी प्रफुल्ल पाण्डेय की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस द्वारा दर्ज की गयी।

पुलिस के अनुसार, अग्निकांड से प्रभावित कई परिवारों ने भी कारोबारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले में जांच जारी है और विशेष जांच दल (वार्ता) की रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ और भी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

गौरतलब है कि 23 अप्रैल की दोपहर राम मंदिर स्थित एक पटाखा एवं प्लास्टिक दुकान में भीषण आग लग गई थी, जिसने देखते ही देखते आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में पटाखों और प्रतिबंधित प्लास्टिक का अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा था, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित