मुरैना , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में राबिया किन्नर के घर हुई लगभग 40 लाख रुपये की सशस्त्र डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर तथा एक लाख 49 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 16 और 17 जनवरी की मध्यरात्रि अंबाह कस्बे की दोहरी रोड स्थित बजरंग कॉलोनी निवासी राबिया किन्नर के घर में हथियारबंद डकैतों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने राबिया और उनके अन्य किन्नर साथियों को हथियारों की नोक पर बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नगदी सहित करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के निर्देशन में पांच विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने वारदात के तरीके का विश्लेषण करते हुए 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साक्ष्य एकत्र किए। इसके आधार पर राजस्थान और उत्तरप्रदेश में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने डकैती में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित