बारां , मार्च 31 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता उप जिला चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर विधायक प्रमोद जैन भाया ने चिकित्सा मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से सुधार करने की मांग की है।
श्री भाया ने मंगलवार को बताया कि वर्तमान में चिकित्सालय की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। अस्पताल के करीब 17 चिकित्सकीय एवं सहायक स्टाफ को अन्यत्र प्रतिनियुक्ति पर लगाया हुआ है। विशेष रूप से 14 नर्सिंग स्टाफ कोटा एवं बारां में कार्यरत हैं, वहीं एक चिकित्सक को भी अन्यत्र लगाया हुआ है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में सोनोग्राफी जांच नियमित रूप से नहीं हो रही है, एक्स-रे मशीन फिल्म के अभाव में बंद पड़ी है और मरीजों को समय पर जांच नहीं मिल पाने के कारण इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। अधिकतर चिकित्सकों का मुख्यालय पर निवास नहीं होने के कारण वे कोटा से आना जाना करते हैं। लेबर रूम में प्रत्येक प्रसव पर अवैध वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं, जो निंदनीय है।चिकित्सा प्रभारी द्वारा प्रभावी निगरानी का अभाव भी स्थिति को और बदतर बना रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित