बारां , नवंबर 09 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता विधानसभा उप चुनाव में रविवार को प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी।

भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोड शो किया। एक विशेष रथ पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौर, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद्र बैरवा, चुनाव प्रभारी जोगाराम पटेल, सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक राधेश्याम बैरवा, ललित मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार और भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन सवार थे।

श्री शर्मा के रोड़ शो को पार्टी ने विजय संकल्प यात्रा का रूप दिया था। जिसमें बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी।रोड शो के तहत विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत अंता क्षेत्र के अजीतपुरा बालाजी से हुई जो सीएडी चौराहा होते हुए ब्रह्मपुरी बालाजी तिराहा तक पहुंची। विशेष रथ को सजाया गया था।

रोड शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। रोड शो के दौरान लोगों ने जगह-जगह स्वागत द्वार बना कर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार भजनलाल शर्मा का अंता पहुंचने पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

उधर, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेताओं के साथ अन्ता विधानसभा क्षेत्र के गांवों में रोड शो करते हुए मांगरोल शहर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करने का आमजन से अनुरोध किया। गहलोत का रोड शो रविवार को जैन तीर्थ, बमूलिया से प्रारम्भ होकर ग्राम बटावदी, बूून्दी, बिजोरा, पलसावा, काचरी, पचेलखुर्द, पचेलकलां, सरकन्या, मूण्डली भैरूजी, महुआ, किशनपुरा होते हुए मांगरोल शहर में पहुंचा। रोड़ शो में प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया साथ थे। बड़ी संख्या में लोगों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया।

आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार का यह अभियान थम जाएगा। 11 नवंबर को मतदान होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित