जोधपुर , नवंबर 15 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि बारां जिले में अंता विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार का विश्लेषण किया जायेगा।
श्री शेखावत ने शनिवार काे यहां मीडिया से बातचीत में अंता उपचुनाव में भाजपा की हार के सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि उपचुनाव कई विषयों से जुड़े होते हैं और उपचुनाव को किसी आम चुनाव के समान नहीं देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अंता विधानसभा को चुनाव प्रारंभ से लेकर आज तक देखा जाए तो वैसे भी केवल दो बार को छोड़कर अधिकांश समय यह विधानसभा भाजपा के खाते में नहीं आ पाई। जो कुछ भी कारण रहे, जो कुछ भी विषय रहे, निश्चित रूप से यह विश्लेषण का विषय है। हम सब मिलकर इस पर विचार करेंगे और इस पर आगे हम किस तरह से भाजपा की सरकार की नीतियों का प्रभाव जनता के हृदय तक पहुंचाएं, इस पर निश्चित रूप से कार्य करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित