पटना, फरवरी 24 -- वर्ष 2008 के बीजिंग ओलंपिक में शूटिंग की व्यक्तिगत स्पर्धा में ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय का गौरव प्राप्त करने वाले, पद्माभूषण और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अंतर्राष्ट्रीय शूटर अभिनव बिंद्रा मंगलवार को बिहार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह से मिले और प्रदेश में खेलकूद की संभावनाओं पर बात की। खेल मंत्री सुश्री श्सिंह की उपस्थिति में श्री बिंद्रा की बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण और खेल विभाग के सचिव महेन्द्र कुमार के साथ बिहार के जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों के बीच ओलंपिक भावना जगाने पर विस्तार से चर्चा हुई ।
श्री बिंद्रा ने बिहार में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए बिहार सरकार के प्रयासों की सराहना की और यहां बुनियादी स्तर पर खिलाडियों के विकास में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपने अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ बिहार के खिलाड़ियों को सहर्ष देने की स्वीकृति दी।
खेल मंत्री से उनके कार्यालय में मिलने के पूर्व श्री बिंद्रा ने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक के साथ खेल प्राधिकरण के स्टेडियम का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्था से काफी संतुष्ट नजर आए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित