नयी दिल्ली , मार्च 07 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सभी देशवासियों विशेषकर महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा है कि महिलाएं समाज और राष्ट्र की नींव हैं।
श्रीमती मुर्मु ने शनिवार को अपने संदेश में कहा , " अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, मैं देश के सभी देशवासियों विशेषकर महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। महिलाएं हमारे समाज और राष्ट्र की नींव हैं। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, खेल, कला और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रदर्शन किया है।"उन्होंने कहा कि शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त महिलाएं समृद्ध और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। आज युवा महिलाएं नए भारत के सपनों को साकार कर रही हैं। उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा," आइए हम सब मिलकर एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में काम करें जहां महिलाओं को समान अवसर प्राप्त हों और वे अपनी क्षमताओं के बल पर आगे बढ़कर सफलता प्राप्त कर सकें।
मैं महिला दिवस के सफल आयोजन और सभी महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करती हूं।"महिला दिवस महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करने के लिए मनाया जाता है। वर्ष 1975 में संयुक्त राष्ट्र ने 8 मार्च को आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाना शुरू किया और तब से यह विश्व स्तर पर मनाया जाने लगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित