पटना , दिसंबर 05 -- रियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में चल रहे अंतर्राज्यीय अवैध हथियारों और कारतूस तस्करी के कथित नेटवर्क के मामले में गिरफ्तार दो अभियुक्तों को आज बिहार की राजधानी पटना स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत ने न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया।
एनआईए ने बिहार के पटना निवासी शशि प्रकाश और शेखपुरा जिला निवासी रवि रंजन सिंह को गिरफ्तार करने के बाद आज विशेष न्यायाधीश अभिजीत कुमार की अदालत में पेश किया जहां विशेष अदालत ने दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में लेने के बाद जेल भेजे जाने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि एनआईए ने उपरोक्त तीनो राज्यों में लगभग 22 ठिकानों पर अपनी अलग-अलग टीम बनाकर छापेमारी की थी और बड़े पैमाने पर अवैध कारतूस और हथियार बरामद किए जाने का दावा किया था। एन आई ए ने अंतर्राज्यीय अवैध हथियारों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए आर सी 01/ 2025 के रूप में अपनी प्राथमिकी दर्ज की है और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित