पटना, मार्च 19 -- बिहार की राजधानी पटना स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी के मामले के एक अभियुक्त को गुरुवार को हिरासती पूछताछ के लिए सात दिनों के पुलिस रिमांड पर एनआईए को सौंपे जाने का आदेश दिया । एनआईए के विशेष न्यायाधीश विपिन कुमार की अदालत से जारी पेशी वारंट के आधार पर आज अभियुक्त परवेज आलम को बिहारशरीफ की जेल से लाकर विशेष अदालत में पेश किया गया था ।इसी बीच एनआईए ने विशेष अदालत में एक आवेदन दाखिल कर अभियुक्त से हिरासती पूछताछ किए जाने की अनुमति मांगी थी। अदालत ने एनआईए का आवेदन स्वीकार करते हुए अभियुक्त परवेज आलम को 25 मार्च 2026 तक हिरासती पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर एनआईए को सौंपे जाने का आदेश काराधीक्षक को दिया है।
गौरतलब है कि बिहार में कई स्थानों पर एक साथ हथियारों की बरामदगी हुई थी । बाद मे मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी । एनआईए ने बिहार , हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 22 ठिकानों पर अपनी अलग-अलग टीम बनाकर छापेमारी की थी और बड़े पैमाने पर अवैध का हथियार बरामद किए जाने का दावा किया था । एनआईए ने अवैध हथियारों की अंतरराज्यीय तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। इस मामले में कई अभियुक्त पूर्व से ही जेल में बंद हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित