नोएडा , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा फेस वन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय मोबाइल फोन झपटमार और दुपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की दस मोटरसाइकिल, दो स्कूटी तथा मोबाइल फोन स्नैचिंग कर बेचे गए दो हजार नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों और उनसे बरामद वाहनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नोएडा फेस वन थाना पुलिस मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर 8 स्थित ब्लॉक एफ-133 के सामने से अंतर्राज्यीय मोबाइल झपटमार गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान राहुल उर्फ राबर्ट और नावेद के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 20 से 30 वर्ष है।
पुलिस की गहन पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि ये पहले इलाके की रेकी करते थे, फिर मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी किए गए दो-पहिया वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल फोन स्नैचिंग में किया जाता था। ये दोनों नोएडा, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। स्नैचिंग से प्राप्त मोबाइल फोन राहगीरों को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च कर दिया जाता था।
पुलिस रिकॉर्ड में दोनों के खिलाफ दिल्ली और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, स्नेचिंग और अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित