हल्द्वानी , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। क्रिकेट टीम बेचने और मैच आयोजन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया है और आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित आयोजक विकास ढाका को एक होटल से पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 फरवरी से गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बड़े स्तर पर क्रिकेट मैच आयोजित होने थे, इसके लिए आयोजक विकास ढाका द्वारा उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के लोगों से संपर्क कर क्रिकेट टीम में भागीदारी दिलाने और टीम खरीदने के नाम पर लाखों रुपये वसूले गए। आरोप है कि इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड स्वयं विकास ही है, इस मामले में पूर्व विधायक नारायण पाल सहित कई अन्य लोगों ने ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि आयोजक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच कराने और खिलाड़ियों को मौका दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ली लेकिन न तो कोई वैध आयोजन की तैयारी थी और न ही किसी प्रकार की आधिकारिक अनुमति।
मैच से पहले ही ठगी की शिकायतें सामने आने लगीं, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आयोजक को एक होटल से पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया, फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित