नयी दिल्ली , मार्च 11 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रसोई गैस के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन पर अंतरराष्ट्रीय मसलों पर ओछी तथा राष्ट्र विरोधी बयानबाजी करने का आरोप लगाया है।

श्री सचदेवा ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि देश में रसोई गैस संकट के मुद्दे पर श्री केजरीवाल के आज के संवाददाता सम्मेलन की वह निंदा करते हैं। उन्होंने श्री केजरीवाल एक अपरिपक्व और मौकापरस्त नेता करार देते हुए कहा कि वह केवल मीडिया में सरकार विरूद्ध बयानबाजी करते हैं, जो दुखद है। उन्होंने कहा कि सारा देश जानता है कि भारत ही नहीं दुनिया के आधे से अधिक देश रसोई गैस की संकट से गुजर रहे हैं जिसका कारण है ईरान और अमरीका के बीच चल रहा युद्ध। इस युद्ध के चलते सारे विश्व में खाड़ी देशों से गैस तथा पैट्रोल आदि की आपूर्ति रूक गई है और इस युद्ध में ना भारत की कोई भूमिका है ना किसी अन्य भुगत रहे देशों की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित