महासमुंद , जनवरी 29 -- ) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में धान खरीदी के अंतिम चरण के साथ ही धान तस्करी पर अंकुश लगाने प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला प्रशासन ने अंतरराज्यीय सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 540 कट्टा धान से भरे एक ट्रक को जब्त किया है।
जिला प्रशासन से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा से अवैध रूप से धान लाकर जिले की सीमावर्ती सोसायटियों में खपाने की कोशिश की जा रही थी। इस दौरान टेमरी इंटर स्टेट चेक पोस्ट पर अल सुबह प्रशासनिक टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की, जिसमें 540 कट्टा धान अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में खेमड़ा क्षेत्र में धान तस्करी कर रहे तस्कर प्रशासनिक टीम को देखते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन लेकर फरार हो गए। प्रशासन ने ट्रॉली को जब्त कर पंचनामा कार्रवाई की है। दोनों ही मामलों में जब्त किए गए वाहन एवं धान को कृषि उपज मंडी समिति बागबाहरा के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टेमरी नाका में पकड़े गए रायपुर पासिंग ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमएफ 7223 को कोमाखान थाना ले जाया जा रहा था, तभी पटपरपाली पेट्रोल पंप के पास ट्रक का डीजल खत्म हो गया। ट्रक करीब डेढ़ घंटे तक वहीं खड़ा रहा।
मौके पर तैनात नगर सैनिक द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बाद मंडी कर्मचारियों ने अपने खर्च पर 20 लीटर डीजल डलवाया, जिसके बाद ट्रक को बागबाहरा मंडी पहुंचाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित