जालंधर , मार्च 26 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय मॉड्यूल को ध्वस्त करते हुए पुलिस इस मामले में उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 देसी पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद की हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि जांच में सामने आया है कि ये आरोपी जर्मनी और अमेरिका में बैठे विदेशी अपराधियों के इशारे पर काम कर रहे थे और पंजाब के आपराधिक गिरोहों को हथियारों की आपूर्ति कर रहे थे। इससे पहले, इसी मामले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने विदेशी हैंडलर के निर्देश पर बलाचौर के पास तीन ग्रेनेड और एक आईईडी प्लांट किया था। इसी आईईडी का इस्तेमाल बाद में हिमाचल प्रदेश के थाना नालागढ़ में हुए विस्फोट में किया गया था।
श्री यादव ने कहा कि आरोपी विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर गढ़शंकर में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर जबरन वसूली के लिए फायरिंग करने और हथियार जुटाने की घटनाओं में भी शामिल थे। प्रारंभिक जांच विदेशी हैंडलर्स, आतंकवाद और आपराधिक गतिविधियों के बीच एक मजबूत गठजोड़ को स्थापित करती है।
इस संबंध में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति, सार्वजनिक सुरक्षा और अपराध मुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित