हरारे , जनवरी 28 -- ओलिवर पीक (109) की शतकीय और नितेश सैमुअल की (58) की अर्धशतकीय पारियों के बाद चार्ल्स लचमुंड (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप सुपर सिक्स 1 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 22 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
315 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को तनेज फ्रांसिस, जैकरी कार्टर की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़कर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। तनेज फ्रांसिस (27) पहले विकेट के रूप में आउट हुये। 16वें ओवर में जैकरी कार्टर 42 गेंदों में (64) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। इसके बाद ज्वेल एंड्रयू (44), और कप्तान जोशुआ डोर्न (62), कुणाल तिलोकानी (35) ने 48 ओवरों को तक वेस्टइंडीज को मैच में बनाये रखा। वेस्टइंडीज ने छह विकेट पर 285 रन बन लिये थे। इसके बाद 49वें ओवर में गेंदबाजी करने आये आर्यन शर्मा ने जोनाथ वैन लैंग (26) और आर'जय गिटेंस (तीन) रन को आउटकर वेस्टइंडीज से मुकाबला छीन लिया। वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 292 रन बना सकी और 22 रनों से मुकाबला हार गई। इस हार के साथ वेस्टइंडीज के टूर्नामेंट के अगले दौर में पहुंचने की संभावना कम हो गई है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए चार्ल्स लचमुंड ने चार विकेट लिये। आर्यन शर्मा और हेडन शिलर को दो-दो विकेट मिले। नादेन कूरे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित