बिलासपुर , मार्च 20 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अंतर्गत हथबंद-भाटापारा सेक्शन में रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य के चलते 22 और 23 मार्च को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 389 पर गर्डर हटाने के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके कारण कई यात्री ट्रेनों को रद्द और कुछ को आंशिक रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मार्च को रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड, गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके साथ ही कोरबा-रायपुर और रायपुर-इतवारी पैसेंजर ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी।

वहीं 23 मार्च को इतवारी-रायपुर तथा रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी रद्द किया गया है।

इसके अतिरिक्त, 22 मार्च को झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर केवल बिलासपुर तक ही संचालित होगी, जबकि गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर से ही प्रारंभ होगी। इस दौरान बिलासपुर और गोंदिया के बीच इन ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित