ऋषिकेश , दिसंबर 24 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी को लेकर उठे सवालों पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के बाहर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और भाजपा नेता दुष्यंत गौतम का पुतला दहन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दो दिन बीत जाने के बाद भी सरकार की चुप्पी इस मामले में उसकी संदिग्ध भूमिका को उजागर करती है।
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला और मधु जोशी ने कहा कि भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला के कथित बयानों में वीआईपी के नाम पर दुष्यंत गौतम का उल्लेख होने के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे प्रदेशभर में आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि या तो झूठे बयान देने वालों पर कार्रवाई हो, या जिनके खिलाफ बयान आया है, उनकी निष्पक्ष जांच कर उन्हें दोषी मानते हुए कठोर कदम उठाए जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित