जौनपुर, नवम्बर 6 -- जौनपुर, संवाददाता। देव दीपावली पर्व पर बुधवार को हजारों दीयों की रोशनी से आदिगंगा गोमती के तट जगमगा उठे। सद्भावना पुल के नीचे विसर्जन घाट, शाहीपुल के बगल गोपी घाट के अलावा सिपाह के पास अचला देवी घाट तथा पुरानी बाजार स्थित गोकुल घाट पर देव दीपावली महोत्सव का आयोजन हुआ। सभी स्थानों पर रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम मची रही। श्री संकट मोचन संगठन (ट्रस्ट) के तत्वावधान में शाही पुल के बगल स्थित गोपी घाट पर भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ज्ञान प्रकाश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव का शुभारंभ किया। मां गोमती की आरती के पश्चता श्रद्धालुओं ने गोमती तट पर दीपदान किया। दीपों की रौशनी से समूचा घाट आलोकित हो उठा। जल में तैरते दीपों का दृश्य अत्यंत मनमोहक रहा...