भागलपुर, फरवरी 9 -- भागलपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सैंडिस कंपाउंड में रविवार को सत्संग उत्सव समिति की ओर से ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का 138वां जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन को लेकर सैंडिस मैदान में पंडाल का निर्माण किया गया था, जिसे फूलों और रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से सजाया गया। वहीं अनुकूलचंद्र ठाकुर जी और गुरु माता का फूलों से दरबार सजाया गया था। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में सत्संगी और गुरुभक्त शामिल हुए और दिन भर अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें आए श्रद्धालु सपरिवार सम्मिलित होकर ठाकुर जी के दिव्य जीवन दर्शन से प्रेरणा प्राप्त किये। अध्यक्ष दीपक कुमार लाला ने बताया कि जयंती समारोह की शुरुआत सुबह 4:15 बजे वेद-मांगलिक अनुष्ठान से हुई, जो सूर्योदय से पूर्व शहनाई वादन के साथ संपन्न हुआ...