हरिद्वार, जनवरी 11 -- ज्वालापुर की ईदगाह सुभाषनगर रोड पर मदरसा दारुल उलूम रशीदिया के बाहर सड़क किनारे खड़े ऑटो में देर रात अचानक आग लग गई। ऑटो से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग नींद से जाग उठे और मौके पर पहुंचकर बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ऑटो में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह ऑटो पिछले चार-पांच महीनों से सड़क किनारे खड़ा था और वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे स्थानीय लोग पहले से ही परेशान थे। ऑटो बाबर कॉलोनी के एक व्यक्ति का बताया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...