संतकबीरनगर, अगस्त 4 -- धनघटा (संतकबीरनगर), हिन्दुस्तान संवाद। संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर रविवार दोपहर पिकअप गड्ढे में पलटने से 14 लोग घायल हो गए। इनमें से आठ की हालत गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी स्नान-जलाभिषेक करने अयोध्या जा रहे थे। गोरखपुर जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र के भैंसारानी गांव निवासी अजय यादव पुत्र ठाकुर यादव पिकअप वाहन से गांव के लोगों के साथ आयोध्या में स्नान और अंतिम सोमवार को जलाभिषेक करने जा रहे थे। पिकअप में कुल 29 लोग थे। इनमें हासिलापार और खुदमऊ गांव के भी कुछ लोग शामिल थे। सिकरीगंज होते हुए रामजानकी मार्ग से जा रही पिकअप डुहिया पुल के पास अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 14 लोग घायल हो गए। धनघटा पुलिस ने उन्हें सीएचसी हैंसर पहुंचाया...