उत्तरकाशी, अक्टूबर 23 -- विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए छह माह तक बंद होने के बाद मां यमुना की डोली गुरुवार को अपने शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) पहुंची। मां यमुना के यहां पहुंचने पर सभी तीर्थ पुरोहितों तथा स्थानीय श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों तथा फूल मालाओं के साथ परंपरानुसार मां यमुना का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा खरसाली गांव खुशी से सराबोर रहा। ग्रीष्मकाल में छह माह तक यमुनोत्री धाम में प्रवास के बाद भैया दूज को यमुना अपने मायके खुशीमठ पहुंची। जहां छह माह तक शीतकाल में मां यमुना प्रवास करेंगी तथा यहीं पर मां यमुना के दर्शन होंगे। गुरुवार को भैया दूज के पावन पर्व पर यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने से पहले खुशीमठ से सुबह 8 बजे शनिदेव की डोली पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ यमुनोत्री धाम पहुंच...