देहरादून। ओमप्रकाश सती, अप्रैल 23 -- महाभारत और रामायण काल के पेड़-पौधे हरिद्वार में नजर आएंगे। वन विभाग की रिसर्च विंग ने उत्तराखंड के हरिद्वार के श्यामपुर में करीब 50 एकड़ में नेचर लर्निंग सेंटर तैयार किया है। यहां इस्लाम और सिख धर्मग्रंथों में वर्णित पेड़ भी मौजूद हैं। मंगलवार को इस सेंटर का पृथ्वी दिवस के अवसर पर शुभारंभ किया गया। मुख्य वन संरक्षक रिसर्च संजीव चतुर्वेदी ने बताया कि इस नेचर लर्निंग पार्क में धर्मग्रंथों में वर्णित वृक्षों का संग्रह किया गया है। इनमें कपूर, पारिजात, बेल और चंदन की वाटिकाएं बनाई गई हैं। इसके अलावा सिख धर्म में वर्णित 40 प्रजातियों के पेड़ भी लगाए गए हैं। इनके नाम पर चालीस गुरुद्वारों के नाम हैं। इसके अलावा वाल्मीकि रामायण में वर्णित 138 प्रजातियों के वृक्षों में से ज्यादातर यहां नजर आएंगे। एक सर्व धर्म व...