मथुरा, जनवरी 22 -- ठाकुर बांकेबिहारी महाराज आज बसंतपंचमी पर्व पर सुगंधित अबीर-गुलाल उड़ाकर ब्रजमंडल के विश्वविख्यात 40 दिवसीय होलिकोत्सव (फागोत्सव) का शुभारम्भ करेंगे। गुरुवार को श्रीहरिदासपीठ मंदिर में ठाकुरजी की सेवापरम्परा के गहन जानकार इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी महाराज ने बताया कि बांकेबिहारी महाराज सर्वप्रथम बसंत पंचमी के दिन फागोत्सव के नाम से विश्वविख्यात इस होलिकोत्सव का शुभारम्भ सुगंधित अबीर-गुलाल उड़ाकर करेंगे। उन्होंने बताया कि आज शुक्रवार को ठाकुरजी का बसंती पोशाक व अलंकारों से श्रृंगार होगा, भगवान के कोमल कपोलों (गालों) पर गुलाल के कुमकुम लगाये जाएंगे और सरसों के फूलों की गुथी हुई माला (गुंजा) चढाई जाएंगी। केसरिया छैना की खीर, अधूटा, मोहनभोग, बादाम-मूंग दाल और सूजी के हलुआ का विशेष भोग धराया जाएगा। इस दिन से ठाकुर...