दरभंगा, जनवरी 3 -- दरभंगा नगर निगम हर वर्ष बजट में बेसहारा या आवारा पशु चारा मद में लाखों की राशि आवंटित करता है, पर खर्च करने में पीछे हट जाता है। निगम सूत्रों की मानें तो वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी करीब 12 लाख की राशि उपलब्ध है, फिर भी इसे खर्च कर व्यवस्था सुधारने की पहल नहीं हो रही है। कई पार्षद व पशु संरक्षण के लिए अभियान चलाने वाले लोग इसे लेकर सवाल उठाते हैं। एनिमल लवर सुधीर कुमार चौधरी कहते हैं कि आवंटित राशि खर्च नहीं होना पशुओं की हकमारी है। अधिकारियों को इस दिशा में कारगर पहल करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम सकारात्मक कार्य नहीं करेगा तो इसे लेकर जनहित याचिका दायर की जाएगी। बहरहाल, नगर में पशु संरक्षण नीति धरातल से दूर है और जानवरों की बेबसी से प्रबुद्धजन बेचैन हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्व...