रामगढ़, जनवरी 5 -- रामगढ़, निज प्रतिनिधि रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब में सोमवार को साहब श्री गुरु गोविंद सिंह का पावन प्रकाश उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रामगढ़ कैंट की ओर से भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे दिन गुरुवाणी, कीर्तन और अरदास के साथ संगत निहाल होती रही। प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 7.45 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की भोग के साथ हुई। इसके पश्चात गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान सजाया गया। सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन हुआ, जिसमें रागी जत्थों ने गुरु महिमा का गुणगान किया। "वाहो वाहो गोविंद सिंह आपे गुर चेला" जैसे पावन शब्दों से पूरा गुरुद्वारा साहिब गूंज उठा और संगत भाव-विभोर हो गई। ...