गाजीपुर, अक्टूबर 20 -- गाजीपुर, संवाददाता। प्रकाश पर्व पर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। पूरे जिले में दीवाली का पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। घरों, दुकानों और मंदिरों में दीपों की कतारों, रंग-बिरंगी झालरों और फूलों की सजावट ने माहौल को आलोकित कर दिया। शहर के रौजा, मिश्र बाजार, नखास, लंका और महुआबाग में सजावट देखते ही बन रही थी। दुकानों पर रंग-बिरंगी लाइटों के साथ आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए थे। लोगों ने घरों को मिट्टी के दीयों, मोमबत्तियों और एलईडी लाइटों से सजाया। दीपों की यह अद्भुत आभा देर रात तक शहर की गलियों और छतों पर बिखरी रही। शुभ मुहूर्त में लोगों ने विधिपूर्वक भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। घरों में धन-धान्य, समृद्धि और सुख-शांति की कामना के साथ परिवारजनों ने मिलकर पूजा की।...