मुंगेर, अक्टूबर 19 -- मुंगेर, एक संवाददाता। दीपावली की जगमगाहट के बीच दो घरों की रोशनी हमेशा के लिए बुझ गई। धनतेरस के दिन विशाल और संजीव के घरों में केवल आंसू और अंधेरा छाया था। जमालपुर-मुंगेर मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात हुए हादसे ने साफियाबाद थाना क्षेत्र के दो परिवारों को गहरे अंधेरे में धकेल दिया। एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो दोस्तों, विशाल ठाकुर और संजीव कुमार की मौत ने पूरे इलाके को शोकग्रस्त कर दिया है। अज्ञात वाहन की टक्कर से गई दो युवकों की जान: गुरुवार की रात करीब नौ बजे दोनों युवक एक ही बाइक से जमालपुर से घर लौट रहे थे। दीपावली के अवसर पर झालर और वायरिंग का काम कर वे लौट रहे थे कि, अचानक किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि, 18 वर्षीय विशाल ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई...