हरिद्वार, दिसम्बर 8 -- कनखल के कृष्णानगर क्षेत्र में सोमवार को लगभग तीन हजार की आबादी दिनभर पानी की किल्लत से परेशान रही। सुबह सप्लाई बंद होने के बाद लोग शाम तक अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था करते रहे। देशरक्षक तिराहे के पास पंपिंग स्टेशन की मोटर खराब होने से ओवरहेड टैंक तक पानी नहीं पहुंच पाया। सुबह करीब आठ बजे सप्लाई बाधित होने के बाद जल संस्थान के कर्मचारियों ने तुरंत मोटर बदलने का काम शुरू किया। लेकिन, मरम्मत में करीब नौ घंटे लग गए और शाम पांच बजे तक सप्लाई दोबारा शुरू हो सकी। दिनभर पानी न मिलने से महिलाओं के घरेलू काम रुक गए। इधर, एसडीओ राकेश बमराड़ा ने बताया कि मोटर खराब होने के कारण सप्लाई बंद करनी पड़ी थी, जिसे अब बहाल कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...