प्रयागराज, अक्टूबर 30 -- अक्षय नवमी का पर्व गुरुवार को आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। आंवले के पेड़ की पूजा करने के लिए मिंटो पार्क, खुसरोबाग व भरद्वाज आश्रम सहित कई अन्य जगहों पर महिलाओं ने विधि विधान से पूजन कर भगवान विष्णु से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन के बाद पेड़ की परिक्रमा की गई, दीपक जलाए गए और सामूहिक रूप से उपस्थित घर-परिवार की महिलाओं ने भोजन बनाकर उसे प्रसाद रूप में ग्रहण भी किया। मिंटो पार्क व भरद्वाज आश्रम में सुबह से ही महिलाओं का समूह एकत्र होने लगा। खुसरोबाग में भी आंवले के पेड़ की पूजा करने के लिए दिनभर महिलाएं अपने परिजनों के साथ पहुंचती रही। पेड़ पर गंगाजल, हल्दी, चावल, कुमकुम व पुष्प अर्पित किया गया। पेड़ की सात बार परिक्रमा कर मौली लपेटा गया और भोजन बनाकर भगवान विष्णु को भोग स्वरूप उसे अर्पित किया गया।...